यूपी के बरेली से जो केस सामने आया है उसे सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे। एक युवक के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। युवक की रविवार को बारात जानी थी। घर में नाते-रिश्तेदार आए हुए थे। घोड़ी चढ़ने से ठीक एक दिन पहले ही पुलिस वहां जा धमकी और युवक को उठा ले गई। पहले तो किसी को कुछ समझ ही नहीं आया। पुलिस से जानकारी ली गई तो मामले की खुलासा हुआ। दरअसल एक महिला ने युवक पर शादी के नाम पर उससे दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला ने खुद को आरोपी युवक की भाभी बताया है। उसका कहना है कि पति की मौत के बाद देवर ने उसका और उसकी बेटी का पालन पोषण करने की जिम्मेदारी उठाई थी, लेकिन वह बाद में मुकर गया। महिला ने युवक समेत उसकी मां और पिता को भी नामजद किया गया है।
मामला इज्जतनगर थाने का है। रूपापुर गांव की रहने वाली महिला ने बताया कि उसके पति की दो साल पहले मौत हो चुकी है। उसके देवर ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। उसका और उसकी बेटी के भरण पोषण की जिम्मेदारी ली। उससे शादी करने का वायदा कर शारीरिक संबंध बनाये। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर देवर ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने दो नवंबर को देवर शिव कुमार और ससुर सियाराम और मायादेवी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में कार्रवाई न होने पर महिला पिछले दिनों एसएसपी आफिस गई। इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो रही थी। जिस पर महिला ने शुक्रवार को एसएसपी आफिस में काफी हंगामा किया था। इसके बाद इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर इज्जतनगर ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करेन के बाद शनिवार को जेल भेज दिया गया। जबकि शिव कुमार के घर पर शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। रिश्तेदार आये हुये थे। रविवार को उसकी बारात जानी थी। इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
महिला ने एसएसपी आफिस गेट पर किया था हंगामा
रेप पीड़ित महिला ने शुक्रवार को एसएसपी आफिस गेट पर खासा हंगामा किया था। एसएसपी ने इंस्पेक्टर इज्जतनगर को मामले में परिवार वालों से बात कर कार्रवाई के निर्देश दिये। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों से बात की। महिला कोर्ट में देवर के खिलाफ 164 के बयान दर्ज करवा चुकी थी। जिसमें उसने रेप के आरोपों की पुष्टि की थी। इस वजह से समझौते के रास्ते बंद हो गये। महिला चाह रही थी कि देवर से शादी होकर मामला यहीं रफा दफा हो जाये। लेकिन पुलिस ने देवर को गिरफ्तार कर लिया।
जमीन में लालच में भाभी ने फंसाया
पुलिस हिरासत में आरोपी शिव कुमार ने बताया कि उसके भाई की मौत के बाद वह शादी करने को तैयार था। भाभी ने उसे दिमागी रूप से कमजोर बताते हुये शादी करने से मना कर दिया। घर छोड़कर चली गईं। जब उन्हें पता लगा कि मेरे नाम पर करोड़ों रुपये की जमीन है। जिस पर वह दोबारा आकर शादी का दबाव बनाने लगीं। तब तक मेरी शादी दूसरी जगह तय हो चुकी थी। दुष्कर्म के आरोप में झूठा फंसाया गया है।