शाहजहांपुर के हनुमत धाम पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सैनिक को सम्मानित करते कैबिनेट मंत्री सुर
शाहजहांपुर। चित्रांश जनकल्याण समिति की ओर से बड़ी विसरात हनुमत धाम पर सम्मान समारोह का सोमवार को आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के वित्त, संसदीय एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार वित्त, संसदीय एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि शहीदों की भावनाओं को आत्मसात करने के लिए अनेकता में एकता होना बहुत जरूरी है। हमें जातिवाद, क्षेत्रवाद, भाषावाद से ऊपर उठकर समाज में एकता का भाव पैदा करना होगा। तभी शहीदों की कल्पना का भारत बन सकेगा। हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व डीन व वित्त अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि समाज को हृदय से सम्मान पैदा करने की सोच को विकसित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सम्मान मांगने से नहीं छीनने से मिलता है। बिनोवा सेवा आश्रम के संस्थापक रमेश भइया ने कहा कि हम सभी को सैनिकों का सम्मान करना चाहिए। आश्रम की सचिव विमला बहन ने कहा कि सैनिक हमारे पूज्य है, उनकी बदौलत ही हम चैन की नींद सोते हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय भूतपूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष हवलदार सतवीर सिंह भूरिया, जोन कोआर्डिनेटर कैप्टन रनवीर सिंह कुशवाहा ने सैनिकों की समस्याओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम के बीच में ही 40 पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर समिति की अध्यक्ष किरन श्रीवास्तव, कवि कुलदीप दीपक, डॉ. रानी त्रिपाठी, डॉ. अंबिका श्रीवास्तव, नीरज सक्सेना, मुकेश श्रीवास्तव, वंदना श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव, मीरा सिन्हा, अवनीश सक्सेना, सुनील श्रीवास्तव, प्रमोद सक्सेना आदि मौजूद रहे।