भाजपा ने मोदी सरकार के केंद्र में आठ साल पूरे होने पर 30 मई से 15 जून तक अभियान चलाने की योजना बनाई है। पार्टी ने जिलों में 1 से 13 जून तक गरीब कल्याण जनसभा करने की योजना बनाई है।
केंद्र में मोदी सरकार के आठ साल 30 मई को पूरे होने के साथ ही भाजपा लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटेगी। 30 मई से 15 जून तक ‘आठ साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ अभियान के जरिये भाजपा एक ओर जहां मोदी सरकार की उपलब्धियां बताएगी वहीं किसान, दलित, युवा, महिला, पिछड़ी जातियों के वोट बैंक को भी साधेगी। पार्टी ने अग्रिम मोर्चों सहित सभी प्रकोष्ठ और विभागों के लिए अभियान के तहत कार्यक्रम तय किए हैं।
विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक बार फिर बहुमत की सरकार बनने के बाद भाजपा अब लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटेगी। 25 मार्च को सरकार बनने के बाद भाजपा ने मई में प्रशिक्षण अभियान शुरू कर नए-पुराने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति का पाठ पढ़ाया। अब पार्टी उन्हीं कार्यकर्ताओं को मिशन 2024 की जिम्मेदारी सौंपेगी। मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रमों के जरिये एक बार फिर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ घर-घर तक जनता के बीच पहुंचने की योजना बनाई गई है।
98 जिलों में होगी गरीब कल्याण जनसभा
भाजपा ने 1 से 13 जून तक सभी 98 संगठनात्मक जिलों में गरीब कल्याण जनसभा करने की योजना बनाई है। जनसभा को प्रदेश व केंद्र सरकार के मंत्री, सांसद, पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक संबोधित करेंगे। एक सभा में कम से कम पांच हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। जनसभा में केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को खासतौर पर आमंत्रित किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता को जनसभा का प्रभारी बनाया गया है।
हर जिले में निकलेगी विकास बाइक रैली
केंद्र व प्रदेश सरकार की प्रमुख विकास परियोजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भारतीय जनता युवा मोर्चा को सौंपी गई है। हर जिले में तीन दिन तक युवा मोर्चा के 150 कार्यकर्ता 75 बाइक पर सवार होकर रैली निकालेंगे। बाइक सवार कार्यकर्ता परियोजना स्थल पर जाकर बैठक और कार्यक्रम करेंगे। रैली जिले के हर विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेगी। बाइक रैली का प्रभारी प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक को बनाया गया है।