उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के बेवर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली मानसिक रूप से बीमार एक किशोरी के साथ गांव के तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। पीड़िता के भाई ने बताया कि बहन जब पांच माह की गर्भवती हुई, तब उन्हें जानकारी हो सकी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक ने बुधवार को थाने में तहरीर दी। बताया कि उसकी 17 वर्षीय बहन मानसिक रूप से बीमार है। पांच माह पूर्व जब वह घर में अकेली थी, तब गांव के तीन लोगों ने घर आकर बहन के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उसे धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो उसे जान से मार डालेंगे। इस बीच आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करते रहे। 12 दिसंबर को जब उसकी बहन के पेट में दर्द हुआ तो उसने गांव की आशा बहू को बुलाकर दिखाया। पता चला कि उसकी बहन गर्भवती है। मामले को लेकर थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई करेगी।
किशोरी के साथ की छेड़छाड़
घिरोर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किशोरी के साथ आरोपी ने छेड़खानी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता ने बुधवार को थाने में तहरीर दी। बताया कि 14 दिसंबर को वह अपने घर पर थी। शाम करीब सात बजे वह घर बाहर बने शौचालय में जा रही थी। तभी रविंद्र सक्सेना ने उसे पकड़ लिया और छेड़खानी करने लगा। चीख पुकार सुनकर भाई आ गया तो आरोपी वहां से भाग गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। संवाद
महिला के साथ की छेड़छाड़
औंछा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया है कि मंगलवार की शाम वह घर में अकेली थी। तभी देशराज अपने दो साथियों के साथ घर के बाहर आकर गालियां देने लगा। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ छेडख़ानी और मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर लोग एकत्र हुए तो आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद