लिपिक की हत्या(सांकेतिक)
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पुलिस थाना जंजैहली के तहत बखलाड़ में शिक्षा विभाग में सेवारत लिपिक की संदेहास्पद मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। लिपिक पद्म सिंह(45) की मौत नहीं बल्कि हत्या हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इसका खुलासा हुआ है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या व एससी-एसटी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। हत्या के आरोप में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। आरएफएसएल की टीम घटनास्थल पर निरीक्षण कर रही है।
बता दें लिपिक का शव घर से कुछ दूरी पर नाले में पड़ा मिला था। पद्म सिंह शिक्षा विभाग में बतौर क्लर्क कार्यरत था। रविवार को पद्म सिंह समारोह मे शरीक होने गया था। रात को परीचित व्यक्ति उसे घर के पास सड़क पर छोड़ दिया था। पद्म सिंह सड़क से घर के लिए तो गया लेकिन घर नहीं पहुंचा। सुबह उसका शव घर के साथ लगते नाले से बरामद हुआ। उसके चेहरे पर गंभीर घाव के निशान थे। मौत पर लोग कई तरह के कयास लगा रहे थे। लेकिन अब लिपिक की हत्या की बात सामने आई है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की है।