फैशन जगत से एक बुरी खबर सामने आई है। जाने-माने फैशन डिजाइनर वर्जिल अबलोह (Virgil Abloh) का निधन हो गया है। 41 वर्षीय वर्जिल अबलोह कैंसर से जूझ रहे थे और आखिरकार वो इस जंग को हार गए। लक्जरी समूह एलवीएमएच (लुई वटोन मोएट हेनेसी) और अबलोह के अपने ऑफ-व्हाइट लेबल ने रविवार को अबलोह के निधन की जानकारी दी। वर्जिल अबलोह के निधन से फैशन इंजस्ट्री में शोक की लहर छा गई है। वर्जिल अबलोह के निधन पर न सिर्फ हॉलीवुड सेलेब्स बल्कि कई बॉलीवुड सेलेब्स ने भी श्रद्धांजलि दी है। सोनम- प्रियंका से केंडल- बेला तक ने सोशल मीडिया पर वर्जिल को याद किया और श्रद्धांजलि दी।
वर्जिल के परिवार ने दी जानकारी
अबलोह के परिवार ने डिजाइनर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान जारी कर उनके निधन की जानकारी दी। याद दिला दें कि अबलोह दो साल पहले ‘कार्डियक एंजियोसारकोमा’ की चपेट में आए थे, जो एक दुर्लभ किस्म के कैंसर का एक प्रकार है, जिसमें हृदय में ट्यूमर होता है। पोस्ट में बताया गया कि 2019 में कैंसर से पीड़ित होने के बाद उन्होंने दुनिया को बताए बिना अकेले इससे लड़ने का फैसला किया, कई चुनौतीपूर्ण उपचार करावाएं..साथ ही फैशन की दुनिया में अपना काम भी जारी रखा।
2013 में हुई थी ऑफ-व्हाइट लेबल की स्थापना
एलवीएमएच के अध्यक्ष बर्नार्ड अर्नाल्ट ने एक बयान में कहा, ‘यह खबर सुन हम स्तब्ध हैं। वर्जिल एक बेहतरीन डिजाइनर ही नहीं, बल्कि एक बेहद अच्छे शख्स और बुद्धिमान इंसान थे।’ बता दें कि ऑफ-व्हाइट लेबल की स्थापना अबलोह ने 2013 में की थी और अबलोह 2018 में, फ्रांसीसी डिजाइन हाउस के इतिहास में लुई वटोन में पुरुषों के परिधान को डिजाइन करने वाले पहले अश्वेत शख्स थे।
सेलेब्स ने जताया दुख
वर्जिल पहले घाना अमेरिकी थे, जिनकी मां ने उन्हें सिलाई करना सिखाया। अबलोह के पास कोई औपचारिक फैशन प्रशिक्षण नहीं था, लेकिन वह इंजीनियरिंग में स्नातक और वास्तुकला में परास्नातक थे। वर्जिल के निधन पर करण जौहर, प्रियंका चोपड़ा जोनस, केंडल जेनर, हेली बीबर, सोनम कपूर, आनंद आहूजा, सुपरमॉडल जीजी हदीद, बेला हदीद और फुटबॉल लीजेंड डेविड बेखम समेत कई सेलेब्स और फैशन डिजाइनर्स ने भी वर्जिल अबलोह के निधन पर शोक जताया है।