शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री की रैली जिले के राजनीतिक माहौल में बड़ी हलचल पैदा करेगी। माना जा रहा है कि विपक्ष के कुछ कद्दावर नेता प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम सकते हैं। विपक्षी दल जहां अपना किला बचाने की जद्दोजहद में हैं, वहीं भाजपा सेंध लगाने के लिए पूरा जोर लगा रही है।
नौ नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जलालाबाद और शहर में जनसभा को संबोधित कर कई योजनाओं का लोकार्पण किया था। उनके सामने सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप पांडेय और कई अन्य नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली थी। वहीं दूसरी पार्टी से टिकट न मिलने की स्थिति में कुछ लोग पार्टी छोड़कर झटका देना चाहते हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में विपक्षी दलों के कुछ और बड़े नेता भाजपा में शामिल हो सकते ह्रैं।
विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण विरोधी दलों को झटका देने की नीयत से भाजपा इसकी पूरी तैयारी कर रही है। कुछ नेताओं से भाजपा के संगठन के नेताओं की बातचीत अंतिम दौर में है। बैठकों का दौर चल रहा है। भाजपा में शामिल होने के लिए नेता अपनी शर्तें बता रहे हैं। हालांकि टिकट देने की बाध्यता छोड़कर पार्टी सम्मान बरकरार रखने का दिलासा दे रही है। सब कुछ ठीक रहा तो कुछ चौंकाने वाले नाम भाजपा के रंग में रंगे नजर आ सकते हैं।