केंद्रीय विधि राज्यमंत्री एवं आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल ने बताया कि मैराथन में शहर के स्कूलों, कॉलेजों के विद्यार्थियों के अलावा सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक संगठन आदि के सात हजार लोग शामिल हुए हैं। मैराथन के बाद स्टेडियम में मार्च पास्ट के साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। सभी खेलों में लगभग दो सौ तकनीकी अधिकारी और निर्णायक शामिल रहेंगे।
समिति से जुड़े राहुल पालीवाल ने बताया कि पंद्रह खेलों में पांच हजार खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें सबसे ज्यादा पंजीकरण बैडमिंटन में हुए हैं। पुरस्कार वितरण समारोह 24 नवंबर को अपराह्न दो बजे स्टेडियम में होगा।
देर रात दिए चेस्ट नंबर
एकलव्य स्टेडियम में मैराथन में शामिल होने वाले धावकों को देर रात तक चेस्ट नंबर दिए गए। पंजीकरण कराने वाले धावकों को टी शर्ट आगरा कॉलेज मैदान पर वितरित की जाएंगी। स्वागत समिति, भोजन समिति, तकनीक समिति की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गईं।
पूर्व ओलंपियन हुए शामिल
अर्जुन पुरस्कार विजेता पूर्व ओलंपियन जगबीर सिंह, एमपी सिंह, ध्यानचंद पुरस्कार विजेता रोमियो जेम्स, एशियाई खेलों में एथलेटिक्स विजेता रतन सिंह भदौरिया, दक्षेस खेलों में शामिल रहे सरनाम सिंह, मनीषा कुशवाहा भी प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं।
इनर रिंग रोड पर किया केंद्रीय मंत्री का स्वागत
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरन रिजिजू शनिवार देर रात आगरा पहुंचे। केंद्रीय मंत्री का इनर रिंग रोड पर भाजपा नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विधायक विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, शहर अध्यक्ष भानू महाजन, दिगंबर सिंह धाकरे, गौरव शर्मा, नवीन गौतम, मनीष गौतम ,हेमंत प्रजापति, बसंत गुप्ता ,संजय शर्मा, अजय अवागढ़, गौरव बंसल मौजूद रहे।
सांसद खेल स्पर्धा के के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में फेरबदल किया गया है। यह व्यवस्था सुबह छह बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी।
– अल्लाह बख्श चौराहे, सदर से पीडब्ल्यूडी चौराहे के मध्य सुबह छह बजे से किसी भी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे। यह व्यवस्था कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी।
– ग्वालियर रोड, पीडब्ल्यूडी की तरफ से आने वाले वाहन अल्लाह बख्श चौराहे से बायीं और दाहिनी ओर मुड़कर अपने गंतव्य को जाएंगे।
– पीडब्ल्यूडी चौराहे से सेंट जोंस चौराहा की ओर आने वाले मार्ग पर ही वाहन चलेंगे। सेंट जोंस से पीडब्ल्यूडी चौराहे की तरफ जाने वाली मार्ग पर वाहन नहीं चलेंगे।
-कलक्ट्रेट चौराहे से सुभाष पार्क के मध्य किसी भी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे।
– पीडब्ल्यूडी चौराहे से सेंट जोंस की ओर जाने वाले समस्त वाहन कलक्ट्रेट तिराहे से पुलिस लाइन मार्ग से पंचकुइयां, नालबंद चौराहा होते हुए गुजारे जाएंगे।
– सेंट जोंस चौराहे की ओर से आने वाले वाहन सुभाष पार्क तिराहे से पंचकुइयां, सदर तहसील, पुलिस लाइन से कलक्ट्रेट तिराहा होकर गुजारे जाएंगे।
ये रहेगी पार्किंग व्यवस्था
मिनी मैराथन में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था भी की गई है। यह इस प्रकार है।
– आगरा कॉलेज मैदान के पास, सेंट जोंस कॉलेज मैदान, घटिया आजम खां मार्ग पर दोनों तरफ, सत्कार रेस्टोरेंट के बराबर मैदान, आगरा कॉलेज के सामने केडी कैंपस में पार्किंग।
– एकलव्य स्टेडियम के पास
अल्लाह बख्श चौराहे से नौलक्खा चौराहे तक सड़क पर एक तरफ, स्टेडियम के पीछे गेट के पास, तारघर मैदान में बड़े वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी।