कांग्रेस में टिकट के दावेदार अपना दमखम दिखाने के लिए पदयात्रा में शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। इन पदयात्राओं में कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी भी हिस्सा ले रहे हैं। आगरा के सात विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस की पदयात्राएं निकाली जा चुकी हैं।
कांग्रेस का झंडा
प्रदेश में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कमान संभाल रखी है। ऐसे में पार्टी की मजबूती के लिए लगातार कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। पहले प्रतिज्ञा यात्रा निकालकर कार्यकर्ताओं में जोश पैदा किया गया। इसके बाद विधानसभा क्षेत्र स्तर पर पद यात्राएं शुरू हो गईं। इन पदयात्रा में टिकट के दावेदार अपने साथ कार्यकर्ताओं को लेकर महंगाई और सरकार की नीतियों का विरोध कर रहे हैं।
जिले में अभी तक आगरा उत्तर, दक्षिण, छावनी, ग्रामीण, बाह, खेरागढ़ सीट पर दावेदारों ने पद यात्राएं निकाली हैं। इन पदयात्राओं में प्रदेश स्तर का एक पदाधिकारी भी शामिल रहता है। पार्टी में टिकट का दावा अभी तक पार्टी के वर्तमान पदाधिकारी और पूर्व पदाधिकारी भी ज्यादा सामने आए हैं। विधानसभा चुनाव के नजदीक आने पर कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए हैं, जोकि काफी समय से संगठन की गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे।